
छतरपुर। जिले के बकस्वाहा थाना क्षेत्र में करीब 20 दिन पहले एक युवती के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया था। दो युवकों ने कट्टे की नोंक पर युवती को उसके भाई के साथ जाते समय अगवा कर लिया था। करीब तीन सप्ताह बीत जाने के बावजूद पुलिस युवती को बरामद नहीं कर सकी है। पुलिस पर कार्रवाई न करने और पीडि़त परिवार को धमकाने के गंभीर आरोप लगे हैं। सोमवार को जिला कुशवाहा समाज के साथ पीडि़त परिवार ने एसपी कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई।
पीडि़त परिवार के बबलू पटेल, निवासी किशनपुरा ने बताया कि 8 अप्रैल को उसका परिवार किसी काम से बकस्वाहा गया था। वापसी के दौरान उसकी बहन, परिवार के भाई भूपत के साथ बाइक से वापिस गांव जा रही थी तभी रास्ते में मंडी गेट के पास पुष्पेंद्र लोधी और उसके एक साथी ने कट्टे की नोंक पर उसकी बहन को बाइक से उतार लिया और भूपत को भगा दिया। भूपत ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद बकस्वाहा पुलिस को सूचना दी गई। बबलू ने बताया कि आरोपी के पिता द्वारा उनसे दो लाख रुपये की मांग की जा रही है। वहीं जिला कुशवाहा समाज के युवा अध्यक्ष आशीष पटेल ने कहा कि यह मामला अत्यंत गंभीर है। बकस्वाहा पुलिस कार्रवाई करने के बजाय पीडि़तों को डराने-धमकाने का काम कर रही है। यदि जल्द ही इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो समाज आंदोलन के लिए बाध्य होगा। सीएसपी अमन मिश्रा ने बताया कि 8 अप्रैल को बकस्वाहा थाना क्षेत्र में युवती के अपहरण का मामला सामने आया था। युवती की अभी तक बरामदगी नहीं हो सकी है। कुशवाहा समाज ने ज्ञापन देकर तलाश की मांग की है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही युवती को खोज लिया जाएगा।








