
छतरपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र की हनुमान टौरिया के पास बीती रात एक गंभीर घटनाक्रम में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने तीन नाबालिग लड़कियों और दो लडक़ों को पकडक़र पुलिस के हवाले किया है। पकड़े गए युवक-युवतियों के मोबाइल में कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो मिलने से मामला गंभीर हो गया है। हिंदू संगठनों ने लव जिहाद की आशंका भी जाहिर की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 10:30 बजे भगवा ब्रिगेड, विश्व हिंदू परिषद और हिंदू जोड़ो संगठन के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली कि हनुमान टौरिया के पास कुछ संदिग्ध लडक़े-लड़कियां मौजूद हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे, जहां तीन नाबालिग लड़कियां और दो लडक़े (एक नाबालिग) मौजूद मिले। भगवा ब्रिगेड के प्रशांत महतों ने दावा किया कि ये युवक-युवतियां आपत्तिजनक हालत में थे। उनके मोबाइल फोनों की जांच में कुछ आपत्तिजनक वीडियो भी पाए गए, जिसके आधार पर संगठनों ने इसे लव जिहाद का मामला होने की आशंका जताई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्यकर्ताओं ने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी। कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद दांगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी युवक-युवतियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने लड़कियों की शिकायत के आधार पर दोनों लडक़ों, जिनमें एक नाबालिग और एक बालिग अमन खान शामिल है, के खिलाफ छेड़छाड़, पाक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
इनका कहना
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है। पकड़े गए युवक-युवतियों के मोबाइल में मिले वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर निष्पक्षता के साथ जांच कर रही है और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अमन मिश्रा, सीएसपी, छतरपुर








